चिचोला में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, महाराष्ट्र की दो महिलाएं गिरफ्तार, 8.224 किलो गांजा बरामद
राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड पर पुलिस ने गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया। महाराष्ट्र की दो महिलाओं के पास से 8 किलो 224 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
राजनांदगांव/ छत्तीसगढ़ : जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चिचोला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बस स्टैंड पर की गई घेराबंदी में पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में महाराष्ट्र की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके पास से कुल 8 किलो 224 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 18 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध महिलाएं बस से गांजा लेकर चिचोला बस स्टैंड पहुंची हैं और यहां गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने बस स्टैंड के आसपास घेराबंदी की और हुलिए के आधार पर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद दो पिट्ठू बैग से खाकी टेप में लिपटे प्लास्टिक के पैकेटों में गांजा मिला। एक आरोपी के पास से 4 किलो 110 ग्राम और दूसरी के पास से 4 किलो 114 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
दोनों आरोपियों के खिलाफ चौकी चिचोला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशा मुक्त अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
