नौकरी के नाम पर ठगी के आरोप में काउंसलर पद से हटाया

 

जांजगीर-चांपा — जिले के महिला थाना परिसर में संचालित परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के आरोप के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने काउंसलर एवं भाजपा नेत्री संतोषी दुबे की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

शिकायतकर्ता कोरबा निवासी पारस जैन ने SP कार्यालय में लिखित शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, संतोषी दुबे ने एक NGO के माध्यम से पांच अलग-अलग स्थानों पर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था।

शिकायत के अनुसार इस काम के एवज में चेक के जरिए ₹1.50 लाख संतोषी दुबे को और ₹3.50 लाख उनके सहयोगी को — कुल ₹5 लाख का भुगतान किया गया। आरोप है कि लंबी अवधि बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही रकम वापस मिली।

SP की कार्रवाई

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए SP विजय कुमार पाण्डेय ने तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संतोषी दुबे को परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटा दिया। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए अजाक थाना के DSP को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अब चेक के माध्यम से हुए लेन-देन और शिकायत में लगाए गए आरोपों की बारीकी से जांच कर रही है।

एक सप्ताह में दूसरी कार्रवाई

गौरतलब है कि परिवार परामर्श केंद्र में बीते एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे कुछ दिन पहले ही केंद्र की एक और काउंसलर की नियुक्ति भी निरस्त की गई थी, उन पर भी नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगा था।

दूसरा पक्ष: इस मामले में संबंधित पक्ष का पक्ष जानने का प्रयास किया जा रहा है। पक्ष आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

यह खबर आरोपों और पुलिस की प्रशासनिक कार्रवाई पर आधारित है, मामला जांचाधीन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *