बुजुर्ग की हत्या करने वाले आरोपी सुखुराम मंडावी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, शांति समझौता कराने आए थे बुजुर्ग, दामाद ने ले ली जान

बुजुर्ग की हत्या करने वाले आरोपी सुखुराम मंडावी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

शांति समझौता कराने आए थे बुजुर्ग, दामाद ने ले ली जान

कुल्हाड़ी से मार का मामा ससुर की कर दी हत्या

✍️ख़ुफ़िया रिपोर्टर
khufiyareporter.com
बालोद / छत्तीसगढ़ : पारिवारिक वाद-विवाद को शांत कराने आए मामा ससुर के सिर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करके हत्या करने वाले आरोप सुखुराम मंडावी को पुलिस ने गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस संबंध में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार
प्रार्थी सूरज मंडावी, पिता बंशुराम मंडावी, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम आड़ेझर, थाना महामाया, जिला बालोद द्वारा थाना महामाया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि विगत 07 नवम्बर 2026 की रात्रि को ग्राम आड़ेझर निवासी आरोपी सुखुराम मंडावी, पिता मंगतू मंडावी, उम्र 45 वर्ष, अपनी पत्नी पवन बाई मंडावी के साथ पारिवारिक बातों को लेकर वाद-विवाद एवं लड़ाई-झगड़ा कर रहा था।

इसी दौरान घर में हो रहे विवाद एवं शोरगुल को सुनकर आरोपी का मामा ससुर रतिराम नेताम, उम्र 65 वर्ष, मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाइश देते हुए लड़ाई-झगड़ा करने से मना किया। उन्होंने समझाते हुए कहा कि तुम लोग आए दिन पारिवारिक बातों को लेकर विवाद करते रहते हो, यह उचित नहीं है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सुखुराम मंडावी अचानक आवेश में आ गया और आक्रोशित होकर मृतक रतिराम नेताम से विवाद करने लगा। आरोपी ने गुस्से में आकर कहा कि तुम मुझे रोकने-टोकने वाले कौन होते हो, आज तुम्हें जान से खत्म कर दूंगा। ऐसा कहते हुए आरोपी ने हत्या करने की नीयत से अपने घर में रखी कुल्हाड़ी से रतिराम नेताम के सिर पर वार कर दिया। कुल्हाड़ी से किए गए हमले के कारण रतिराम नेताम के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों एवं आसपास के लोगों द्वारा तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें उपचार हेतु शासकीय अस्पताल डौण्डी ले जाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा परीक्षण किए जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
उक्त वारदात की रिपोर्ट पर थाना महामाया में आरोपी सुखुराम मंडावी के विरुद्ध अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर आरोपी सुखुराम मंडावी को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा पारिवारिक विवाद के चलते रतिराम नेताम पर कुल्हाड़ी (टंगिया) से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया गया।

पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (टंगिया) जप्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य संकलित कर आरोपी सुखुराम मंडावी को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमाण्ड पर जिला जेल बालोद भेजा गया।
#ChhattisgarhPolice #balod #CrimeNews #murder #fbviralpost #khufiyareporter #CGNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *